महाकुंभ मेले का लोगो सबसे पहले यूपी रोडवेज की बसों में लगाया जाएगा। इसकी शुरुआत प्रयागराज रीजन की बसों से होगी।
परिवहन निगम प्रयागराज रीजन की बसों में इसी माह से लोगो लगाना शुरू करेगा। इसके बाद वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या रीजन की बसों में इसे लगाया जाएगा।
यह चरण पूरा होने के बाद प्रदेश के अन्य रीजन की बसों में भी महाकुंभ का लोगो लगेगा। रोडवेज की तैयारी है कि नवंबर तक प्रदेश के सभी रीजन में चल रही रोडवेज की बसों में महाकुंभ का लोगो लगा दिया जाए।
इसके अलावा सूबे के सभी बस स्टेशनों के पूछताछ कार्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी महाकुंभ मेले का लोगो लगाया जाएगा।
प्रयागराज रीजन के सिविल लाइंस, जीरो रोड, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, मंझनपुर बस स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर सबसे पहले लोगो लगाने का काम होगा।
वहीं, महाकुंभ के दौरान शहर में 550 शटल बसों चलेंगी। इसमें 350 बसें यूपी रोडवेज की एवं सिटी ट्रांसपोर्ट सेवा के तहत चल रहीं 200 ई-बसें शामिल हैं।
इन बसों के माध्यम से रोडवेज मेले की ब्रांडिंग करेगा। इन बसों में महाकुंभ के लोगो के साथ ही कुंभ से जुड़ी तस्वीरें भी होंगी।
बसों के बाहरी हिस्से में विनायल रैपिंग के माध्यम से महाकुंभ की ब्रांडिंग वाली इन तस्वीरों को लगाया जाएगा। इसकी शुरुआत शहर में चल रही 50 ई-बसों से होंगी।