प्रयागराज। लॉक डाउन कि इस कठिन परिस्थिति में दो वक्त की रोटी के लिए डेली कमाने वालों ने अलग ही रास्ता अख्तियार कर लिया है। तमाम लोगों ने अपना धंधा ही बदल दिया है। लॉक डाउन के पहले कोई कपड़े की दुकान पर काम कर रहा था तो कोई कबाड़ बेच कर अपना जीवन यापन कर रहा था। अब पेट पालने के लिए इनमें से कई लोगों ने अपना धंधा बदलते हुए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में जुट गए हैं। किसी ने सब्जी का ठेला पकड़ लिया है तो किसी ने बाहर से आने वाली वस्तुओं की माल ढुलाई का काम करना शुरू कर दिया है। लॉक डाउन की वजह से राम भवन चौराहे के पास कपड़े की एक दुकान पिछले कई दिनों से बंद चल रही है। उस दुकान पर काम करने वाले जीतू ने अपना जीवन यापन करने के लिए सब्जी का ठेला किराए पर लिया । अब जीतू दो अन्य युवकों के साथ नियमित रूप से मोहल्ला मोहल्ला टहल कर सब्जी बेच रहा है । जीतू ने बताया कि लॉक डाउन की वजह से सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा है जो डेली कमाने खाने वाले हैं । इसी तरह मलाकराज मोहल्ले के रहने वाले दीपक जो कबाड़ खरीदने एवं बेचने का काम करते हैं उसने भी अपना धंधा बदल दिया है। अपनी कबाड़ वाली ट्राली की साफ-सफाई करने के बाद दीपक ने भी सब्जी बेचने का धंधा शुरू कर दिया है । रामबाग के मोनू प्रजापति जो ट्रेवल एजेंसी द्वारा संचालित बसों में यात्रियों का सामान चढ़ाने एवं उतारने का काम कर रहे थे उसने भी पिछले सप्ताह से मुट्ठीगंज के एक थोक विक्रेता के यहां बाहर से आने वाले ट्रकों से माल उतारने और चढ़ाने का काम शुरू किया है। मोनू के अनुसार अब ट्रेवल्स का काम बंद चल रहा है और कोई दूसरा रास्ता भी नहीं था ,इसी वजह से एक परिचित के माध्यम से उसने मुट्ठीगंज के व्यापारी के यहां काम शुरू किया । ऐसे ही कई अन्य लोगों ने समाज के सामने इसी तरह की मिसाल पेश की है। फिर भी सैकड़ों के पास नहीं है कोई दूसरा काम: - लॉक डाउन के दौरान जिन लोगों ने अपना धंधा बदल लिया वह तो किसी तरह से अपना जीवन यापन कर रहे हैं लेकिन शहर में अब भी सैकड़ों की संख्या में ऐसे बेरोजगार हैं जिनके पास अब कोई काम ही नहीं रह गया। प्रयाग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मोहम्मद कादिर ने बताया कि ऐसे ही लोगों की मदद के लिए व्यापार मंडल शहर में तीन स्थानों पर खाना बनवा कर नियमित रूप से उसका वितरण करवा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा यह संकट का समय है। देशवासियों की सुरक्षा के लिए ही प्रधानमंत्री ने लॉक डाउन लगाया है। ऐसे ही लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए भाजपा ने अपनी हेल्पलाइन जारी की है। साथ ही नियमित रूप से 3000 से ज्यादा लोगों तक दोनों समय का खाना पहुंचाया जा रहा है।