फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी : किशोर की उम्र 18 से घटाकर 16 वर्ष करने पर विचार करे विधायिका, उम्र सीमा पर हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी

Thu, 26 Nov 2026 08:36 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

किशोर न्याय कानून के तहत नाबालिग की उम्र सीमा 18 से घटाकर 16 वर्ष करने पर विधायिका विचार कर सकती है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक आपराधिक अपील की सुनवाई के दौरान यह अहम टिप्पणी की। कोर्ट ने केरल हाईकोर्ट के उस विचार का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि मौजूदा परिस्थितियों में 16 वर्ष की उम्र तक बच्चों में पर्याप्त परिपक्वता आ जाती है। हालांकि, कोर्ट ने डकैती के दौरान हत्या के आरोपी किशोर की दूसरी जमानत अपील खारिज कर दी।

विज्ञापन
हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि विधायिका किशोर होने की आयु सीमा 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केरल हाईकोर्ट की हालिया टिप्पणी का उल्लेख किया। इसमें कहा गया था कि मौजूदा परिस्थितियों में 16 वर्ष की आयु तक बच्चों में पर्याप्त परिपक्वता आ जाती है और इस पहलू पर कानून बनाने वाली संस्थाएं उचित निर्णय ले सकती हैं।

यह टिप्पणी करते हुए न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद की पीठ ने डकैती के दौरान हत्या के आरोपी किशोर की आपराधिक अपील खारिज कर दी। अपील में दूसरी जमानत अर्जी खारिज करने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी गई थी।

मामला बागपत जिले का है। किशोर न्याय बोर्ड ने घटना के समय अपीलकर्ता की उम्र 17 वर्ष, छह महीने और 20 दिन निर्धारित की थी। आरोपी पर आईपीसी की धारा 396 के तहत डकैती के दौरान शुभम उर्फ मृगेंद्र की हत्या करने का आरोप है।

अपीलकर्ता ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 101(5) के तहत अपील दाखिल कर पांच मई 2026 के आदेश को चुनौती दी थी। उसके अधिवक्ता ने दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया गया है। एफआईआर और गवाहों के बयानों में उसकी कोई विशिष्ट भूमिका सामने नहीं आई है। उसके कब्जे से कोई बरामदगी भी नहीं हुई और न ही उसका कोई आपराधिक इतिहास है। यह भी कहा गया कि किशोर होने के बावजूद उसे नियमित जेल में रखा गया, जो किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत है।

हाईकोर्ट ने कहा कि मुकदमे में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य पूरे हो चुके हैं और फैसला सुनाए जाने की स्थिति में है। जमानत के लिए कोई नया आधार भी सामने नहीं आया है। ऐसे में निचली अदालत के जमानत खारिज करने के आदेश में कोई अवैधता या अनियमितता नहीं है। इसी आधार पर कोर्ट ने अपील खारिज कर दी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें