मेहदौरी में उपासना स्थल के सामने जल निगम की ओर से वाटर टैंक निर्माण के लिए गड्ढा खोदे जाने से लोगों में नाराजगी है। गड्ढा खोदे जाने पर लोगों ने कड़ा विरोध जताया और काम ठप करा दिया। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से की गई है। मेहदौरी कालोनी में उपासना स्थल के पास वाटर टैंक बनाने के लिए बीती 12 मई से ही दो जेसीबी लगाकर खुदाई कराई जा रही थी। शुक्रवार को इलाके के लोगों ने मौके पर पहुंच कर एतराज जताना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि खुदाई की वजह से उपासना स्थल के आगे का हिस्सा कमजोर हो रहा है। इससे क्षेत्रीय लोगों को आने-जाने में भी असुविधा हो रही है। कॉलोनी के डॉ गुलाम जिलानी व अन्य लोगों ने सीएम व डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि वह उपासना स्थल100 वर्ष से अधिक पुराना है, जो अब चबूतरा के रूप में स्थित है। वाटर टैंक बनाने के लिए वहां दूसरी जगह भी खाली है। ऐसे में उपासना स्थल के पास वाटर टैंक बनाने की योजना वापस ली जाए।