एसओजी गंगानगर व उतरांव पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को अंतर्जनपदीय बाइकर्स चोरों के गैंग का खुलासा करते हुए उतरांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोड़ के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके निशान देही पर चोरी की गई तेरह मोटर साइकिल बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार तीनों अभियुक्त अपनी शौक पूरा करने के लिए बाइक चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपी शिवम मौर्या पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी मलखानपुर व राणा चौहान पुत्र जंग बहादुर निवासी मलखानपुर थाना सराय इनायत व अमित यादव उर्फ शिबू पुत्र हरिशंकर यादव निवासी बिजरू सैदाबाद थाना हंडिया के निवासी बताए गए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान डीसीपी गंगानगर अभिषेक भारती ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानो पर जैसे शादी समारोह, कचहरी, मार्केट आदि स्थानों पर मास्टर की का प्रयोग कर उसका लॉक तोड़कर दोपहिया वाहन चुरा कर उसका नंबर प्लेट व इंजन नंबर खुरच कर उसे कम दाम में बेच देते थे।
इन आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। अपनी शौक को पूरा करने के लिए ये लोग चोरी की घटना को अंजाम देते थे। बरामद किए गए विभिन्न कंपनियों के दोपहिया वाहनों की कीमत करीब दस लाख रूपये हैं। इस दौरान एसीपी हंडिया पंकज लवानिया भी मौजूद रहे। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष उतरांव पंकज त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी हेमेंद्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक.अनिकेत सिंह, रितेश चंद्र उपाध्याय, हेड कांस्टेबल सिद्धार्थ राय, आनंद कुमार सिंह सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।