प्रयागराज। प्रयागराज से इंदौर के लिए घोषित फ्लाइट हवा में गुम हो गई है। इस फ्लाइट का संचालन मार्च में शुरू होना था लेकिन लॉकडाउन की वजह से यह अब तक शुरू नहीं हो सकी। निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने 25 अगस्त से नया शेड्यूल जारी किया है इसमें भोपाल, भुवनेश्वर और देहरादून की सीधी कनेक्टिविटी दिखाई गई है लेकिन इंदौर फ्लाइट का अता पता भी नहीं है। इस बीच इंडिगो द्वारा 26 जुलाई से शुरू की जा रही कोलकाता फ्लाइट का शेड्यूल एयरपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध करा दिया है। पिछले वर्ष लगे कुंभ मेले के संपन्न होने के 1 महीने के बाद ही प्रयागराज से इंदौर के लिए संचालित जेट एयरवेज की फ्लाइट बंद कर दी गई थी। इस फ्लाइट को शुरू करने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। बाद में निजी विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा यह फ्लाइट मार्च 2020 से शुरू करने की तैयारी की गई लेकिन लॉक डाउन की वजह से इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। अनलॉक होने के बाद इस फ्लाइट के शुरू होने का इंडिगो ने जुलाई से शुरू करने का शेड्यूल जारी किया लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया गया। अब इंडिगो ने 25 अगस्त से भुवनेश्वर ,देहरादून और भोपाल किसी भी फ्लाइट का शेड्यूल जारी किया है लेकिन इसमें इंदौर का कहीं भी अता पता नहीं है। एयरपोर्ट प्रशासन के अफसरों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि इंदौर की फ्लाइट इंडिगो द्वारा शुरू की जाएगी लेकिन अभी कंपनी की ओर से उन्हें इस संबंध में कोई भी जानकारी नहीं दी गई है। वही 26 जुलाई से शुरू होने वाली इंडिगो की कोलकाता फ्लाइट का शेड्यूल कंपनी ने एयरपोर्ट प्रशासन को सौंप दिया है। यह फ्लाइट अभी सप्ताह में 4 दिन रविवार ,मंगलवार बुधवार और बृहस्पतिवार को ही चलेगी। प्रयागराज से इसकी रवानगी दिन में 1:30 बजे और कोलकाता से रवानगी सुबह 10:50 बजे होगी। एयरपोर्ट निदेशक अंचल प्रकाश ने कोलकाता फ्लाइट का शेड्यूल मिलने की पुष्टि की है।