इंदिरा मैराथन में भाग लेते प्रतिभागी। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
38वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन की तैयारियां युद्ध स्तर पर हो रही हैं। खेल विभाग सेना, पुलिस, रेले, एजी ऑफिस समेत अन्य विभाग के दिग्गज धावकों को मैराथन में आमंत्रित कर चुकी है। इसमें से कई विभाग के धावकों ने अपना पंजीकरण भी करा लिया है। इन सभी धावकों का 16 से 18 नवंबर तक प्रयागराज में आगमन हो जाएगा। इस बार की मैराथन में सेना के धावकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अबतक सेना के करीब 25 धावकों ने अपना पंजीकरण करा लिया है।
पंजीकरण कराने वालों में आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे और 111 वाहिनी कुमाऊं के धावक शामिल हैं। पंजीकरण कराने वाले धावकों में पिछले बार पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रयागराज के अनिल कुमार सिंह, प्रदीप चौधरी, चीनू, मुख्तार, जसवंत जैसे बड़े धावक शामिल हैं। वहीं महिला वर्ग में प्राची राजू और आरती पाटिल ने भी मैराथन में हिस्सा लेने की बात कही है।
महिला वर्ग में छह बार लगातर पहला स्थान प्राप्त कर चुकी ज्योति शंकर के भी आने की उम्मीद जताई जा रही है। ज्योति पिछले मैराथन में तीसरे स्थान पर रही थी। देश की सर्वश्रेष्ठ मैराथन में शामिल इंदिरा मैराथन में सेना, रेलवे, एजी आफिस के दिग्गज धावक शामिल होते रहे हैं। इस बार भी इनकी भागीदारी अधिक होने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी विमला सिंह का कहना है कि सेना व अन्य विभागों के धावक प्रतिदिन कड़ाई से अभ्यास करते हैं और देश के विभिन्न मैराथन में हिस्सा लेते हैं। इस वजह से सबसे अधिक विजेता इन्हीं विभागों के धावक बनते हैं। हालांकि विभाग के धावकों से इतर आम धावक भी कई बार इन सभी को पछाड़ कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त करता है। हर खेल की तरह इसमें भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है, तभी जीत हासिल होती है।