Inamia Badamash injured in police encounter
पुलिस मुठभेड़ में इनामिया बदमाश घायल
कई मामलों में था वांछित, मुठभेड़ में एक बदमाश फरार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। धूमनगंज के देवघाट भीटी मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ में पच्चीस हजार का इनामिया बदमाश शनि पासी पुत्र हुकुमचंद निवासी शिवकुटी घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है। बताया जा रहा कि बुधवार देर रात राजरूपपुर पुलिस चौकी के झलवा तिराहे पर चेकिंग चल रही थी। इसी बीच बाइक सवार दो युवक पहुंचे। पुलिस ने जब उनको रोकने की कोशिश की तो दोनों देवघाट की तरफ बाइक मोड़कर भागने लगे। इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह की टीम ने पीछाकर देवघाट के भीटी मोड़ के पास दोनों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर करना शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। एक गोली शनि पासी के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा जबकि दूसरा बदमाश इल्फाज मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल शनि को गिरफ्तार कर लिया और एसआरएन में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस एवं काले रंग की बाइक बरामद की है। धूमनगंज पुलिस के मुताबिक, शनि के खिलाफ सोरांव, मुठ्ठीगंज, रानीगंज एवं धूमनगंज में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उस पर पच्चीस हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।