दारागंज स्थित नागवासुकी मंदिर के सामने एक दिन पहले नाव पलटने से गंगा में डूबी महिला व मासूम का दूसरे दिन भी पता नहीं चल पाया। पुलिस उनकी खोजबीन में लगी रही लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। झूंसी कछार में सब्जियों की खेती करके शुक्रवार शाम 6.30 बजे के करीब नाव पर सवार होकर 16 लोग दारागंज की ओर लौट रहे थे। नागवासुकी मंदिर के सामने घाट के करीब ही थी कि वहां स्थित पीपा पुल नंबर 14 के पीपे से टकराने के बाद नाव पलट गई और उसमें बैठे लोग नदी में जा गिरे। अन्य लोगों को तो बचा लिया गया लेकिन घसियारी टोला निवासी रामकली(50) पत्नी अर्जुन व उसकी छह महीने की मासूम पोती नहीं निकाले जा सके। जिनका पता शनिवार को भी नहीं चला। दारागंज इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका है।