अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की गतिविधि विकासार्थ विद्यार्थी की ओर से माघ मेला क्षेत्र में पर्यावरणीय विषयों को लेकर इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। शनिवार को एमएनएनआईटी में इसका ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत भारत से आए 18 विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और माघ मेला प्रबंधन के गुर सिखाए जाएंगे। कार्यक्रम में आईआईटी, एम्स, लविवि, इविवि जैसे प्रमुख शैक्षिक संस्थानों से विद्यार्थी शामिल हुए हैं। इंटर्नशिप कार्यक्रम 15 दिनों तक चलाया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थी माघ मेला प्रबंधन में सहायता करेंगे। इस अवधि के दौरान प्रबंधन में खामियों का पता लगाने पर भी इस समूह का विशेष जोर रहेगा और इसकी रिपोर्ट बनाकर प्रकाशित की जाएगी।
इसमें दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हैदराबाद, गुजरात एवं झारखंड राज्य से विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से पढ़े हुए शोध छात्र प्रणव गुप्ता ने कहा कि भारत के सुदूर क्षेत्रों से आए युवा इस माघ मेला के जटिल प्रबंधन को समझेंगे एवं अनेक पहलुओं पर कार्य करेंगे। इस मौके पर विकासार्थ विद्यार्थी की राष्ट्रीय सह संयोजिका पायल राय सहित अभिलाष मिश्र, डॉ. विकास कुमार, डॉ. अनुभव रावत, राम बाबू तिवारी, आलोक प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।