मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी प्रयागराज।
- फोटो : अमर उजाला।
सरकारी डॉक्टरों द्वारा निजी क्लीनिकों और अस्पतालों में प्रैक्टिस करने की शिकायतों को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बेहद गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को संगम सभागार में आयोजित एक बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कड़े तेवर दिखाते हुए स्पष्ट किया कि अब सरकारी सेवा में रहते हुए निजी प्रैक्टिस बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी सरकारी चिकित्सक प्राइवेट प्रैक्टिस करते हुए पकड़ा गया, तो न केवल उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होगी, बल्कि सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने इस मामले में निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम संचालकों को भी कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल यह सुनिश्चित करें कि उनके यहां कोई भी सरकारी डॉक्टर सेवाएं न दे। यदि औचक निरीक्षण के दौरान किसी निजी अस्पताल में कोई सरकारी चिकित्सक प्रैक्टिस करता हुआ पाया जाता है, तो उस डॉक्टर के साथ-साथ संबंधित अस्पताल के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। तत्काल प्रभाव से उसका पंजीकरण निरस्त कर दिया जाएगा। डीएम ने दोटूक शब्दों में कहा कि सेवा और व्यवसाय दोनों कार्य एक साथ नहीं चल सकते। यदि किसी चिकित्सक को निजी प्रैक्टिस ही करनी है, तो उसे पहले सरकारी पद से त्यागपत्र देना होगा।
निगरानी तंत्र को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ), मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य और सभी सरकारी अस्पतालों के सीएमएस को ऐसे डॉक्टरों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जिनके बारे में निजी प्रैक्टिस की शिकायतें मिल रही हैं। इसके अलावा, अपर जिलाधिकारी और अपर नगर मजिस्ट्रेटों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम ने एलआईयू को भी सक्रिय करते हुए अपने स्तर से खुफिया जानकारी जुटाने और संदिग्ध डॉक्टरों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है।