ईदगाह रेल अंडरब्रिज के नीचे का रास्ता 15 नवंबर के बाद ही खुलेगा। इस पुल के नीचे से गुजरने वाला रास्ता 15 अक्तूबर को खुलना था, लेकिन वहां मंगलवार को भी रेलवे द्वारा किया जा रहा मरम्मत का कार्य जारी रहा।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि बीते दो माह के दौरान हुई बारिश की वजह से यह कार्य पूरा करने की अवधि एक माह और बढ़ा दी गई है। अब 15 नवंबर तक यह रास्ता ब्लॉक रहेगा।
बता दें कि रेलवे द्वारा ईदगाह रेल अंडरब्रिज की मरम्मत के लिए तीन माह का ब्लॉक 15 जुलाई से लिया गया था। उस हिसाब से मंगलवार को इस पुल के नीचे से गुजरने वाला रास्ता खुलना था, लेकिन मौके पर अब भी मरम्मत का कार्य चल रहा है।
फिलहाल रेलवे द्वारा उक्त कार्य की अवधि एक माह और बढ़ा दिए जाने से जिन लोगों को जीरोरोड, चंद्रलोक से रामबाग जाना है, उन्हें कोठापार्चा या साउथ मलाका के रास्ते ही जाना होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व पार्षद विजय वैश्य का कहना है कि रेलवे प्रशासन को समय से यह काम पूरा करना चाहिए था। दिवाली का पर्व इसी माह है। कोठापार्चा, रामभवन चौराहा आदि स्थानों पर पर्व के मद्देनजर लोगों की भीड़ जुटेगी।
उन्होंने कहा कि वैसे भी लोग बीते तीन माह से जाम का झाम झेल रहे हैं। इस बारे में प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह का कहना है कि बारिश की वजह से बीच में काम प्रभावित हुआ। मौके पर काम चल रहा है। माह भर में यह रास्ता खोल दिया जाएगा।