हुई चांद की तस्दीक, ईद मीलादुन्नबी दस को
ओबरा में दिखा था चांद, तस्दीकनामा प्रयागराज पहुंचने पर किया ऐलान
प्रयागराज। अक्तूबर के साथ ही माहे सफर की भी 29 तारीख को रबीउलअव्वल के चांद की शरई तस्दीक हुई। इसलिए 30 अक्तूबर को रबीउल अव्वल की पहली तारीख रही। इस मुताबिक जश्ने ईद मीलादुन्नबी रबीउल अव्वल की बारहवीं तारीख यानी दस नवंबर को मनाई जाएगी। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में सुन्नी मरकजी रुयते हिलाल कमेटी कदीम के शहर काजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी ने कहा कि 29 अक्तूबर को प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में नहीं लेकिन ओबरा में चांद दिखा था। सो तस्दीकनामा पहले ओबरा से बनारस पहुंचा और फिर तस्दीकनामा के बनारस से प्रयागराज पहुंचने पर चांद की शरई तस्दीक का ऐलान किया गया। शहर काजी ने तमाम अकीदतमंदों को इसकी मुबारकबाद दी है।