2.34 लाख शहरियों का क्यूआर कोड के साथ जारी हुआ गृहकर
पहली बार सभी भवन स्वामियों का जारी हुआ अलग-अलग क्यूआर कोड, स्कैन करते ही आ जाएगा पूरा डिटेल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। नगर निगम की ओर वित्तीय वर्ष 2024-25 का गृहकर जारी कर दिया गया है। पहली बार क्यूआर कोड के साथ गृहकर बिल जारी किया गया है। खास यह है कि शहर में 2.34 भवन स्वामियों के कोड अलग-अलग जारी किए गए हैं। मोबाइल से उसे स्कैन करते ही बिल की राशि समेत अन्य विवरण आ जाएंगे। गृहकर पर 31 जुलाई तक 10 प्रतिशत छूट दी गई है।
बिजली, पानी और सफाई की सुविधाएं देने में नगर निगम भले ही अभी पीछे हो, लेकिन गृहकर के मामले में स्मार्ट व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब एक ही नजर में हर घर का डिटेल सामने आ जाएगा। इसके लिए क्यूआरकोड जारी कर दिया गया है। इस क्यूआर कोड में सिर्फ गृहकर ही नहीं, अन्य जानकारियां भी मिलेंगी।
नगर निगम का ऑनलाइन कर भुगतान पर जोर है। इसी के तहत निगम की वेबसाइट को अपग्रेड किया गया है। इसके अलावा भवन स्वामियों को गृहकर के बिल के साथ क्यूआर कोड जारी किए गए हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि क्यूआर कोड को स्कैन करके घर बैठे गृहकर जमा किया जा सकता है। निगम की ओर से घोषित 10 फीसदी छूट का भी लाभ उठाया जा सकता है।
गृहकर जमा करने के लिए शहरी निगम की वेबसाइट www.allahabadmc.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, गूगल पे, पेटीएम के माध्यम से भी कर जमा कर सकते हैं।
पीके द्विवेदी ने बताया कि भवन स्वामी काउंटर पर जाकर भी नकद कर जमा कर सकते हैं। इसके लिए मंगलवार से सभी जोनल कार्यालयों के काउंटर पहले की तरह खुलेंगे।
000
सड़क की मरम्मत कराने को उठी आवाज
प्रयागराज। पार्षद शिवसेवक सिंह ने नगर आयुक्त को सोमवार को ज्ञापन सौंपकर अल्लापुर, नेता चौराहा आदि स्थानों पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। पार्षद ने बारिश से पहले पुलिस चौकी के सामने पुलिया के निर्माण की भी मांग की। ब्यूरो