प्रयागराज। प्रदेश में कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर आमरण अनशन कर रहे हाईकोर्ट के अधिवक्ता रितेश श्रीवास्तव की तबीयत बिगड़ जाने के कारण उनको अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। पुलिस ने उनको काल्विन अस्पताल में भर्ती कराया था, मगर बाद में वह अपने घर चले आए। अधिवक्ता की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रितेश गत 19 जुलाई से अपने घर कालिंदीपुरम एचआईजी 73 में ही आमरण अनशन कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने हाईकोर्ट के पास आंबेडकर मूर्ति चौराहे पर अनशन शुरू किया था, जिस पर पुलिस ने उनको महामारी कानून और धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था, बाद में छोड़ दिया गया। उधर, अधिवक्ता ने आमरण अनशन के मुद्दे के सवाल पर कहा कि सुप्रीमकोर्ट द्वारा मामले में संज्ञान लेने के बाद हमारे उद्देश्य की पूर्ति हो गई है, इसलिए अब अनशन की आवश्यकता नहीं है।