माघ मेले में बिजली विभाग ने इस बार कई प्रयोग किए हैं। अधिशाषी अभियंता (माघ मेला) अशोक कुमार शर्मा के मुताबिक मेला क्षेत्र में 25 हजार से अधिक एलईडी लाइट लगाई जा रही हैं। साथ ही संगम के घाट और प्रमुख चौराहों पर 500 हाइब्रिड सोलर लाइट लगाई लगेंगी। आपात स्थिति के लिए जनरेटर भी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में इस बार 350 किमी लंबी एलटी लाइन बिछनी है, जिसमें 320 किमी का काम पूरा हो चुका। मेले में 7.5 लाख विद्युत कनेक्शन के साथ ही 24 घंटे बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है। स्कैन टू फिक्स तकनीकी के अंतर्गत मेले में 15 हजार से अधिक क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिससे बिजली से जुड़ी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सकेगा। श्रद्धालु भी अपनी लोकेशन पहचान सकेंगे और रास्ता भटकने की स्थिति में परिवार या गंतव्य तक आसानी से पहुंच पाएंगे।