-नैनी में एसटीएफ ने की कार्रवाई, हाल ही में घूरपुर में भी पकड़ी गई थी खेप
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नैनी(प्रयागराज)। जेल रोड चौकी के सामने वाहन चेकिंग के दौरान शनिवार को गांजा तस्करी के खेल का भंडाफोड़ हुआ। एसटीएफ ने नैनी पुलिस की मदद से पिकअप में लादकर लाया जा रहा 1.5 करोड़ का 3.21 क्विंटल गांजा बरामद किया। मौके से पांच तस्करों को पकड़ा गया है, जिसमें गिरोह का सरगना भी शामिल है। गांजा ओडिशा से वाराणसी ले जाया जा रहा था।
एसटीएफ को बीते कई दिनों से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। शनिवार भोर में करीब 4:30 बजे जेल रोड पुलिस चौकी के सामने वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। उसी दौरान एक पिकअप के पहुंचने पर उसे रोककर तलाशी ली गई तो गांजे की खेप बरामद हुई।
विज्ञापन
पिकअप के पीछे चल रही कार से ओडिशा के गंजम जनपद पोस्ट निमिना सनबोरगा गांव निवासी अनिल कुमार गौडा, दिलीप महंत, अमरदीप आउत, करछना के जगदीशपुर गांव निवासी बलराम यादव और मुरारी गांव के सुनील प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
इनके कब्जे से 17250 रुपये, एक कार, एक पिकअप, तीन आधार कार्ड, छह मोबाइल, दो पैनकार्ड, तीन डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, 60 प्लास्टिक कैरेट, एक घड़ी, तीन डीएल, एक अंगूठी बरामद की गई है। इन सभी को नैनी थाने ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। तस्कर गिरोह का सरगना करछना के जगदीशपुर का रहने वाला बलराम है।
पुलिस ने बताया कि वह ओडिशा निवासी अमरदीप से गांजा की खेप मंगाता था। प्रयागराज आने के बाद वह इसे यूपी के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। रकम का भुगतान ऑनलाइन और कुछ नकद के माध्यम से किया जाता था। गांजा लाने के लिए वाहन की व्यवस्था अनिल करता था।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
यमुनानगर बना तस्करों का अड्डा, लगातार सामने आ रहे मामले
-दो दिन पहले घूरपुर में बरामद हुआ था एक करोड़ का गांजा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। यमुनापार में दो दिन पहले ही एक अगस्त को एसटीएफ ने एक करोड़ का दो क्विंटल गांजा बरामद करते हुए तीन लाेगों को गिरफ्तार किया है। यह खेप भी ओडिशा से ही लाई गई थी। घूरपुर के जसरा सब्जी मंडी में जिस समय यह खेप पकड़ी गई, तब गांजा पिकअप से दूसरे वाहन में लादा जा रहा था। यहां से उसे सप्लाई के लिए अन्य जिलों में भेजा जाना था। लगातार धरपकड़ से यह भी कहा जा रहा है कि यमुनापार मादक पदार्थों की तस्करी का अड्डा बनता जा रहा है।
गांजा लदी एक्सयूवी कार लूट ले गए थे तस्कर
यमुना नगर में गांजा तस्करों के सक्रिय होने संबंधी एक वारदात मार्च में सामने आई थी। आठ मार्च को शंकरगढ़ में नारीबारी के पास डस्टर व बोलेरो सवार बदमाश असलहों के दम पर एक एक्सयूवी लूटकर भाग निकले थे। खुलासा हुआ तो पता चला कि लूटी गई एक्सयूवी में 50 लाख मूल्य का गांजा लदा था, जिसे तस्करी कर ओडिशा से लाया जा रहा था। इसकी भनक लगते ही एक अन्य तस्कर गिरोह ने यह वारदात की थी। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया गांजा और कार भी बरामद की थी।