दूसरे दिन भी घर में मचा रहा कोहराम मेजा। बारात में आरकेस्ट्रा के दौरान हुई मारपीट में बीच बचाव कर रहे पंचम लाल भारतीया (55) की हुई मौत के चार आरोपियों को इलाकाई पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर संजैला (रामचन्द्रकापूरा) में रखे गए लाठी-डंडे को भी बरामद कर लिया है। उधर, मृतक पंचम लाल भारतीया के घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी घर में बेसुध पड़ी हुई है।
बता दें कि शनिवार रात में अमिलिया कला के जय कुमार भारतीया के बेटे कुलदीप की बारात संजैला (रामचन्द्रकापूरा) गई हुई थी। आरकेस्ट्रा के दौरान बारात और घरात पक्ष में मारपीट हो गई। अमिलिया कला (मनूकापूरा) के पंचम लाल भारतीया बीच बचाव करना शुरू किया तो इनके ही सिर पर घरात पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से प्रहार कर लहुलूहान कर दिया गया। जिससे पंचम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मारपीट में और कई लोग घायल हुए हैं।
पंचम लाल इलाज के दौरान रविवार को दम तोड़ दिया। मारपीट के मामले में पुलिस ने दुल्हे के पिता जय कुमार के तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। मेजा थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर मिश्र ने बताया कि सोमवार को आरोपी विमल कुमार , चिंतामणि, मुडीम उर्फ सूर्यमणि और बबलू उर्फ इन्द्रेश कुमार निवासी संजैला (नेवढि़या) को उरुवा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक ए चारो आरोपी कार से निकल रहे थे तभी पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मारपीट में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद कर लिया है।