अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ गिरोह बंद अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने बच्चा यादव गैंग के सरगना व उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग राज्यों की सात लग्जरी गाड़ियों को भी बरामद किया है।
नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज अवस्थी ने बताया कि क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान सूचना मिली कि बनई का पूरा थाना नवाबगंज निवासी कृष्ण कुमार उर्फ बच्चा यादव आपराधिक गिरोह का संचालन कर रहा है।
गैंग में अभि पासी उर्फ बच्चा पासी, शनि कुमार सरोज उर्फ रितिक निवासी प्रतापगढ़ और उमेश चंद्र गुप्ता उर्फ बिल्लू शामिल हैं। यह गिरोह पैसों का लालच देकर नाबालिग बच्चों से वाहन चोरी करवाता था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गैंग के चारों बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से चोरी की तीन बोलेरो, 2 स्कॉर्पियो, एक ऑटो, एक बाइक बरामद की हैं। जांच में पता चला कि बरामद गाड़ियों में से एक स्कॉर्पियो मध्य प्रदेश के सतना से चुराई गई थी। बोलेरो हंडिया, फाफामऊ और कर्नलगंज थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। गिरोह वाहनों के इंजन व चेचिस नंबर बदलकर उन्हें डीजे संचालकों को बेच देता था। मामले में नवाबगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है।