कोहरे की वजह से प्रयागराज एयरपोर्ट में पहली बार जनवरी में सबसे कम विमानों की आवाजाही हुई। प्रयागराज में एयरपोर्ट निर्माण के बाद यह पहला मौका है जब जनवरी 24 में सिर्फ 376 विमानों की ही आवाजाही हो सकी। वहीं एक वर्ष पूर्व जनवरी 23 में यहां रिकार्ड 588 विमानों का आवागमन हुआ था। खास बात यह रही कि एयरपोर्ट यात्रियों की आवाजाही के लिए जनवरी 19 में खुला था। उस दौरान भी यहां 394 विमानों की आवाजाही हुई थी।
प्रयागराज एयरपोर्ट के लिए वर्ष 2023 जहां उपलब्धियों भरा रहा, वहीं 2024 के पहले ही माह में यहां स्थिति बदल गई। वर्ष 2023 में सिर्फ घरेलू उड़ान संचालित करने एवं यात्रियों की संख्या के हिसाब से प्रयागराज प्रदेश का नंबर वन एयरपोर्ट बना, लेकिन इस बार मौसम की मार से जनवरी में ही विमान संचालन गड़बड़ा गया।
यह पहला मौका है कि जब किसी एक माह (जनवरी 24) में 160 विमान निरस्त हुए। इससे यात्रियों को तो परेशानी हुई, साथ ही विमानन कंपनियों को भी चपत लगी। कम दृश्यता की वजह से यहां जनवरी में विमान निरस्त होने की वजह से यात्रियों की संख्या में भी गिरावट आई।
यहां कई माह बाद यात्रियों के आवागमन का भी आंकड़ा 40 हजार के नीचे आ गया। जनवरी 24 में यहां कुल 376 विमानों का आवागमन हुआ। इससे यहां 37207 यात्रियों की आवाजाही हुई। वहीं जनवरी 23 में एयरपोर्ट में 588 विमानों का आवागमन हुआ था। यात्रियों की कम संख्या पर एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि कम दृश्यता की वजह से बीते माह प्रयागराज एयरपोर्ट आने एवं यहां से जाने वाले काफी विमान निरस्त हुए। इससे जनवरी 24 में यात्रियों की संख्या घटी।