Five fake degrees were caught during the investigation in allahabad university
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की डिग्री फर्जी तरीके से हासिल करके नौकरी करने वाले पांच मामले सामने आए हैं।
इविवि की फर्जी डिग्री लेकर नौकरी करने वालों के अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र जब सत्यापन के लिए विवि पहुंचे तो मामला सामने आया। जांच के दौरान 2005 से 2011 के बीच की डिग्री फर्जी तरीके से तैयार करने की बात सामने आई है। जांच में डीफिल की फर्जी डिग्री पकड़ में आई है। डीफिल की जो डिग्री सत्यापन के लिए आई है, वह दक्षिण भारत के किसी व्यक्ति की है। इसके खिलाफ विवि एफआईआर कराएगा। विवि की परीक्षा समिति की जांच में फिजिकल एजुकेशन विभाग से बीपीई की एक, बीए-बीएससी एवं एमए की एक-एक फर्जी डिग्री पकड़ी गई है। विवि फर्जी डिग्री हासिल करने वालों के खिलाफ एफआईआर कराने के साथ संबंधित विभाग जहां से डिग्री सत्यापन के लिए आई वहां जानकारी भेज रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इससे पूर्व में भी सत्यापन के दौरान बड़े पैमाने पर फर्जी डिग्री के मामले सामने आए हैं। विवि प्रशासन की ओर से सत्यापन के दौरान कड़ी चौकसी बरते जाने के बाद इस प्रकार के मामले सामने आ रहे हैं।