तीन महीने बाद दर्ज की हत्या के प्रयास की रिपोर्ट
प्रयागराज। अतरसुइया पुलिस ने राजस्थान से आए पर्यटक की हत्या के प्रयास की रिपोर्ट तीन महीने बाद लिखी। भरतपुर राजस्थान के रहने वाले लोकेंद्र सिंह ने बताया कि उसने परिचित राजस्थान निवासी पवन भोपा से दो लाख रुपये में 10 सोने के लॉकेट का सौदा तय किया था। एडवांस में उसे रुपये भी दे दिए। फरवरी में वह कुंभ स्नान करने बलुआघाट आया था। इसी दौरान आरोपी भी यहां पहुंचा था। उसने फोन कर लॉकेट देने के लिए दरियाबाद बुलाया और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आरोप है कि वह नकली लॉकेट दे रहा था जिसे लेने से उसने इंकार किया था। आरोप है कि तीन महीने तक चक्कर काटने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। जिसके बाद वह उच्चाधिकारियों से मिला और तब जाकर उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने पवन, तारा भाट, सुंदर भोपा, दीपक पर रिपोर्ट दर्ज की है।