कोरांव थाना क्षेत्र के बदोवा गांव में पिता और उसके दो बेटों में जमकर मारपीट हो गई। इसी दौरान बेटे ने लाठी से पिता के सिर पर वार कर दिया। इससे वह अचेत होकर गिर गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी कोरांव में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे एसआरएन रेफर कर दिया गया। एसआरएन लाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से दोनों बेटे फरार चल रहे हैं। मां की तहरीर पर दोनों बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की खोजबीन कर रही है।
शनिवार की रात आठ बजे घर में रखी साइकिल को हटाने को लेकर बदोवा गांव निवासी तेजई (65) का उसके दो बेटों राम गणेश और राम नरेश से कहा सुनी हो गई। इस दौरान मारपीट होने लगी। मारपीट दौरान ही बेटे ने घर में पड़े लाठी से पिता के सिर पर वार कर दिया। इससे तेजई लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। शोरगुल सुनकर आस पड़ोस के लोग पहुंच गए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस तेजई को लेकर सीएचसी कोरांव गई। यहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। यहां ले आते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। तेजई की पत्नी नचकाई देवी की तहरीर पर उसके दो बेटों राम नरेश और राम गणेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए दबिश दी लेकिन दोनों घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।