वाराणसी से नई दिल्ली के बीच 31 अक्तूबर से शुरू होने जा रही देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इस ट्रेन का सफर राजधानी और प्रयागराज एक्सप्रेस के मुकाबले काफी महंगा होने की संभावना है।
रेलवे की ओर से वंदे भारत स्लीपर का मूल किराया तय कर दिया गया है। इसके तहत थर्ड एसी के लिए 2.40 रुपये, सेकंड एसी के लिए 3.10 रुपये और फर्स्ट एसी के लिए 3.80 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है।
प्रयागराज जंक्शन से नई दिल्ली की लगभग 636 किलोमीटर की दूरी के लिए लागू होने वाले किराये में आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज, 5 प्रतिशत जीएसटी और खानपान (कैटरिंग) शुल्क शामिल होगा।
इन शुल्कों को जोड़ने के बाद थर्ड एसी का किराया 2,000 से 2,100 रुपये, सेकंड एसी का 2,500 से 2,600 रुपये और फर्स्ट एसी का 3,100 से 3,260 रुपये होने का अनुमान है।
इसके उलट, प्रयागराज जंक्शन से नई दिल्ली के बीच रोजाना चलने वाली लोकप्रिय प्रयागराज एक्सप्रेस का सामान्य किराया थर्ड एसी में 1,045 रुपये, सेकंड एसी में 1,455 रुपये और फर्स्ट एसी में 2,415 रुपये है।
देखा जाए तो वंदे भारत स्लीपर का सफर प्रयागराज एक्सप्रेस की तुलना में लगभग दोगुना महंगा पड़ेगा और यह राजधानी एक्सप्रेस के किराये को भी पीछे छोड़ सकता है। बताया जा रहा है कि 31 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना कर सकते हैं।