फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : जीवन भर फ्री सफर की सौगात से खिले चेहरे, मंत्री नंदी और स्वतंत्र देव ने बंधवाई राखी

Wed, 26 Aug 2026 07:02 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

रक्षाबंधन के पहले जिला पंचायत सभागार में माताओं, बहनों और बेटियों के चेहरे पर जो मुस्कान खिली है, वह देखते ही बनी। बुधवार को यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान सूबे की सरकार ने महिलाओं के लिए खुशियों का ऐसा पिटारा खोला कि हर कोई गदगद हो उठा।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को राखी बांधतीं महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रक्षाबंधन के पहले जिला पंचायत सभागार में माताओं, बहनों और बेटियों के चेहरे पर जो मुस्कान खिली है, वह देखते ही बनी। बुधवार को यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान सूबे की सरकार ने महिलाओं के लिए खुशियों का ऐसा पिटारा खोला कि हर कोई गदगद हो उठा। मौका था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से वर्चुअल रूप से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के ऐतिहासिक शुभारंभ का, जिसका गवाह प्रयागराज भी बना।

यहां बताया गया कि अब 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में सफर करने के लिए जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। सरकार ने उन्हें जीवनभर के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा का अनमोल उपहार दे दिया है। बस आधार कार्ड, वोटर आईडी या रोडवेज का स्मार्ट कार्ड दिखाइए और बिना टिकट तीर्थाटन या रिश्तेदारों से मिलने निकल पड़िए। इतना ही नहीं, रक्षाबंधन के खास मौके पर 27 से 29 अगस्त तक सभी महिलाओं के साथ एक सहयात्री (सहकर्मी) को भी मुफ्त बस यात्रा की यह सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में मौजूद जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने महिलाओं के जोश को बढ़ाते हुए कहा, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वाभिमान हमारे विकास के तीन मुख्य स्तंभ हैं। आज 60 वर्ष से ऊपर की लगभग एक करोड़ माताओं-बहनों को आजीवन निःशुल्क यात्रा का जो उपहार मिला है, उससे वह अपनों से मिलने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हो गई हैं।

वहीं, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में माताओं-बहनों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना सिर्फ एक घोषणा नहीं, बल्कि मातृशक्ति के आर्थिक स्वावलंबन और उनके सर्वोच्च सम्मान की एक ऐतिहासिक गारंटी है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के सेवा और सुशासन के आदर्शों पर चलते हुए हमारी सरकार महिलाओं के मान-सम्मान को निरंतर नई ऊंचाइयां दे रही है।

कार्यक्रम में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मेयर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं से अपने हाथों पर राखी बंधवाई। मौके पर ही दस महिलाओं को मंच से उपहार स्वरूप साड़ियां व मिठाइयां भेंट कीं। इनके समेत कुल 500 महिलाओं को साड़ी और मिठाई दी गई। कार्यक्रम में डीएम मनीष कुमार वर्मा, सीडीओ हर्षिका सिंह और रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें