प्रयागराज। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी का द्वारा 25 मई से उड़ानें शुरू किए जाने के ट्वीट के बाद से प्रयागराज एयरपोर्ट में एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं । प्रयागराज से 25 मई से किन स्थानों के लिए फ्लाइट शुरू होगी यह अभी भले ही तय ना हुआ हो, लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन 25 मई से फ्लाइट शुरू होने की बात को लेकर अपनी सभी तैयारियां 24 तक पूरी करने का दावा कर रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि अब यात्रियों की फिजिकल चेक इन नहीं होगी। इसके स्थान पर उनकी वेब चेक इन होगी और उसके बाद ही एयरपोर्ट पर उन्हें एंट्री दी जाएगी।
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि फ्लाइट रवानगी के 2 घंटे पूर्व यात्रियों को पहुंचना होगा। इसके अलावा एयरपोर्ट टर्मिनल में उन यात्रियों को ही इंट्री मिलेगी, जिनकी फ्लाइट अगले 4 घंटे में रवाना होनी है। इस दौरान सभी यात्रियों को मास्क और ग्लव्स पहनना अनिवार्य होगा। 14 वर्ष तक के बच्चों को छोड़ सभी यात्रियों को अपने मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। एंट्री गेट पर ही इसकी जांच की जाएगी। जिसके ऐप में रेड स्टेटस होगा उन्हें एयरपोर्ट में एंट्री नहीं दी जाएगी। साथी ऐसे यात्री अगर जिनके मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप नहीं है तो उन्हें एयरपोर्ट में ही उसे डाउनलोड करना पड़ेगा।
उड्डयन मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार बुजुर्ग ,गर्भवती महिला और बीमार लोगों को हवाई सफर की अनुमति नहीं होगी । इसके अलावा फ्लाइट में अभी खाना यात्रियों को नहीं दिया जाएगा। यात्री अपना खाना भी नहीं ले जा सकेंगे और उन्हें सिर्फ पानी सीट पर उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि एयरपोर्ट पर फूड आउटलेट खुलेंगे। यहां यात्रियों को पार्सल लेने के लिए कहा जाएगा।
डिजिटल पेमेंट पर ही मुख्य रूप से फोकस रखा जाएगा। एयरपोर्ट पर यात्रियों के मांगने पर ही ट्रॉली दी जाएगी और उपयोग के बाद सभी ट्रॉली सैनिटाइज की जाएगी । एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव ने बताया कि डीजीसीए की जो गाइडलाइन है, उसका पूरा पालन किया। उन्होंने बताया कि 25 मई से प्रयागराज से कौन-कौन सी फ्लाइट शुरू होनी है, अभी उसे लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है फिर भी एयरपोर्ट प्रशासन 25 मई को मानक मानकर सुरक्षा संबंधी तमाम तैयारियों में जुटा हुआ है। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए एयरपोर्ट में मार्किंग भी कर दी गई है।