फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj: डीपीओ कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार,आख्या लगाने को मांगे पांच हजार; विजिलेंस ने दबोचा

Wed, 06 Mar 2024 05:57 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

प्रयागराज जिले में प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में विधि सह परिवीक्षा अधिकारी के पद पर तैनात कर्मचारी को विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
विज्ञापन
कर्मचारी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में तैनात बाबू विवेक कुमार द्विवेदी को बुधवार विजिलेंस ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दांपत्य विवाद में आख्या लगाने को लेकर रुपये मांगे थे। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

विवेक मूल रूप से संत रविदास नगर का रहने वाला है। कई साल से डीपीओ कार्यालय में विधि सह परिवीक्षा अधिकारी के पद पर तैनात है। विजिलेंस के मुताबिक, कटका झूंसी के शिवम श्रीवास्तव पुत्र महेंद्र श्रीवास्तव ने आरोपी बाबू के खिलाफ शिकायती पत्र एसपी विजिलेंस को दिया था। इसमें बताया कि उसकी पत्नी ने घरेलू हिंसा से महिला संरक्षा अधिनियम के तहत उसके खिलाफ वाद दायर किया है। इसके बाद यह मामला मध्यस्थता के लिए भेजा गया है। इसी संबंध में चार मार्च को बयान दर्ज कराने के लिए उसे नोटिस जारी हुआ था।

उसका आरोप है कि तय तिथि पर वह आरोपी बाबू से मिला और बयान के संबंध में शपथपत्र दिया लेकिन उसे इसकी रिसीविंग नहीं दी गई। आरोप है कि इस संबंध में बात करने पर आरोपी बाबू विवेक ने पांच हजार रुपयों की मांग की। साथ ही कहा कि रुपये लेकर आने पर ही रिसीविंग दी जाएगी और उसके पक्ष में रिपोर्ट लगाकर आख्या भी न्यायालय में भेज दी जाएगी।

विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि गोपनीय तरीके से शिकायत की जांच कराने पर मामला ट्रैप करने योग्य पाया गया। इसके बाद आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।

बुधवार को पीड़ित रुपये लेकर सिविल लाइंस स्थित कार्यालय पहुंचा। वहां जैसे ही आरोपी बाबू ने रुपये थामे, ट्रैप टीम ने उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पुलिस लाइन स्थित थाने ले आया और फिर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस के इंस्पेक्टर हवलदार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें