पकौड़ी लाल कोल, सांसद- राबर्ट्सगंज
- फोटो : अमर उजाला
अपना दल एस से राबर्ट्सगंज के सांसद पकौड़ी लाल कोल के जनसभा का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के प्रति सवर्ण समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। सांसद पकौड़ी लाल द्वारा सवर्ण समाज पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में कोरांव बाजार के गोल चौराहे पर सवर्ण समाज के नेताओं के ने सांसद पकौड़ी लाल कोल का पुतला फूंका।
पुतला दहन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी उप जिलाधिकारी कोरांव अभिनव कुमार कनौजिया को सौंपा गया। उप जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में तत्काल प्रभाव से सांसद पकौड़ी लाल की लोकसभा की सदस्यता समाप्त करने तथा भविष्य में इन्हें दोबारा चुनाव न लड़ने देने की मांग की गई है। बता दें कि सोनभद्र (राबर्ट्सगंज) के सांसद पकौड़ी लाल कोल मीरजापुर जिले के हलिया ब्लाक के बबुरा गांव में जनसभा को संबोधित करने का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से वह सवर्ण समाज के लोगों के प्रति अभद्र शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। जिसके बाद से ही सवर्ण समाज के लोगों में फैल गया। सवर्ण नेताओं के द्वारा विरोध प्रदर्शन कर सभी थानों में अभियोग पंजीकृत करने की मांग की जा रही है। कोरांव में पुतला दहन के दौरान प्रमुख रुप से कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश शुक्ला उर्फ बबलू शुक्ला, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष योगेश मिश्र योगी, पंकज पांडेय, जिला पंचायत सदस्य अरुण कुमार चतुर्वेदी उर्फ पिंटू चौबे, समाजवादी पार्टी के नेता प्रमोद मिश्र पयासी, राकेश सिंह, राजबहादुर सिंह, राजेश पांडेय सहित कई पार्टियों के कार्यकर्ता व नेता भारी संख्या में मौजूद रहे।