0 इविवि ने घोषित किया पीएचडी प्रवेश परीक्षा का परिणाम
0 43 विषयों में पीएचडी की 734 सीटों पर लिए जाने हैं दाखिले
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में पीएचडी प्रवेश के लिए आयोजित संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) लेवल-वन का परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया गया। 1889 अभ्यर्थियों को क्रेट लेवल-2 के लिए सफल घोषित किया गया है। अभ्यर्थियों के स्कोर कार्ड इविवि की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
क्रेट-2022 का आयोजन 23 अप्रैल 2023 को किया गया था। इसके तहत 43 विषयों में 734 सीटों पर प्रवेश लिए जाने हैं। इनमें 316 सीटें इविवि और 418 सीटें संघटक महाविद्यालयों में हैं। क्रेट-2022 के लिए कुल 6129 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इनमें से 32 उम्मीदवार छूट प्राप्त श्रेणी में हैं, जो सीधे लेवल-2 में शामिल होंगे। लेवल-वन की परीक्षा में 4641 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से लेवल-2 के लिए 1889 उम्मीदवार योग्य पाए गए हैं।
इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति के अनुसार क्रेट लेवल-1 के तहत सभी विषयों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी इविवि की वेबसाइट से क्रेट-2022 लिंक पर क्लिक करके अपना परिणाम देख सकते हैं और स्कोर कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। क्रेट लेवल-2 संबंधित विभाग/केंद्र की ओर से अलग से आयोजित किया जाएगा।
विवि के मौजूदा नियमों के अनुसार प्रत्येक रिक्त के मुकाबले दो उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए लेवल-2 के लिए बुलाया जाएगा। योग्य अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी इविवि के विभाग/केंद्र/संस्थान द्वारा दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन के अधीन है। योग्य उम्मीदवार लेवल-2 के लिए नियमित रूप से इविवि की वेबसाइट देखते रहें।