प्रयागराज । लॉक डाउन की वजह से ऐसे ट्रांसपोर्ट एवं कारोबारी जिनकी माल लदी गाड़ियां बीच रास्ते में फंसी है उन्हें बड़ी राहत दी गई है। बीच रास्ते फंसे ऐसे वाहन जिनके ई वे बिल की प्रभावी तारीख 14 अप्रैल तक खत्म हो रही है उन्हें अब परेशान होने की जरूरत नहीं ऐसे गाड़ियों के परिवहन के लिए ई वे बिल की वैधता 30 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। दरअसल प्रयागराज में पिछले माह 22 मार्च को लगे जनता कर्फ्यू के अगले दिन से ही लॉक डाउनलोड लग गया । इस वजह से जिले से बाहर माल लगे जो ट्रक बाहर गए थे और विभिन्न स्थानों से यहां आने थे वह जहां के तहां फंस गए। इस समस्या से कारोबारी और ट्रांसपोर्टर खासे परेशान थे। फिलहाल अब ऐसे ट्रांसपोर्टरों और कारोबारियों को परेशान होने की जरूरत नहीं। सरकार ने ऐसी गाड़ियों के परिवहन के लिए ई वे बिल की वैधता 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी है। ऐसे में जो ई वे बिल 14 अप्रैल के बीच एक्सपायर हो रहे थे उन्हे दोबारा बनवाए बगैर 30 अप्रैल तक माल का परिवहन हो सकेगा। बता दें कि जिले के 500 से ज्यादा वाहन इस समय देश के अलग-अलग राज्यों में फंसे हैं ।इनमें से तमाम ट्रकों में लदे माल के ई वे बिल की वैधता खत्म हो गई है, जबकि कुछ की आगामी दिनों में वैधता खत्म हो जाएगी । इस बारे में इलाहाबाद गुड्स ट्रांसपोर्ट एंड मोटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुशवाहा का कहना है सरकार के इस कदम से सैकड़ों ट्रांसपोर्टरों और कारोबारियों को राहत मिलेगी। कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने बताया ई वे बिल निर्धारित अवधि के लिए बनता है इस समय तमाम वाहन माल लेकर एक स्थान से दूसरे स्थान पहुंच सकते हैं ,क्योंकि 30 अप्रैल तक उन्हें निर्धारित स्थान पर पहुंचने की मोहलत होगी।