करेली थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड के पास मंगलवार शाम प्लाई लदा ई-रिक्शा पलटने से 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। परिजन उसे पहले निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के चाचा डॉ. साजिद ने बताया कि मंगलवार शाम फातिमा (13) अपनी मां के साथ किसी काम से 60 फीट रोड बाजार गई हुई थी। शाम करीब पांच बजे दोनों घर लौट रही थीं। रास्ते में सड़क किनारे मां के साथ वह खड़ी थी। तभी अचानक सामने प्लाई लादकर आ रहा ई-रिक्शा प्लाई समेत पलट गया।
उनकी भाभी बच्ची का हाथ पकड़ कर भागना चाहीं, लेकिन बेटी का हाथ छूट गया। प्लाई फातिमा के ऊपर ही गिर गई। वह उसी के नीचे दब गई। मां के चीख-पुकार के बाद वहां मौजूद लोगों की मदद से किसी तरह उसे निकाला गया। उसके गर्दन, चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं थीं। एसआरएन पहुंचते-पहुंचते बहुत देर हो चुकी थी।
चाचा ही बच्ची का किए थे पालन-पोषण
चाचा डा. साजिद ने बताया कि उनके भाई आरिफ अली निवासी सोला मार्केट करेली की की पांच साल पहले ही कैंसर से मौत हो चुकी है। आलिया फातिमा उनकी इकलौती बेटी थी। 2019 में भाई के मौत के बाद वही उनके परिवार की देखभाल करते थे। फातिमा उनके घर की सबसे लाडली बिटिया थी।