होली से पहले संगमनगरी में डबल डेकर ई-बसें चलाने की तैयारी चल रही है। इसके संभावित रूट में प्रयागराज एयरपोर्ट से सिविल लाइंस बस स्टेशन व एयरपोर्ट-प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन को शामिल किया गया है।
पिछले दिनों ही यूपी रोडवेज प्रयागराज के बेड़े में दो डबल डेकर ई-बसें शामिल की गई हैं। ये राजापुर स्थित रोडवेज के वर्कशॉप में खड़ी हैं। यह पहला मौका है कि जब प्रयागराज में डबल डेकर बसों का संचालन होगा। दोनों एसी बसों में 65-65 सीट हैं। इनका संचालन नगरीय परिवहन निदेशालय करेगा। इन बसों के साथ ही शहर में शटल सेवा के रूप में चल रहीं 40 सीटर अटल बसों का भी संचालन शुरू हो जाएगा।
प्रयागराज में कम ऊंचाई के रेल अंडर पास काफी हैं। इससे इनका संचालन उन रूटों पर किया जाएगा, जिसमें रेल अंडर पास नहीं हैं। प्रयागराज में कुल 300 ई-बसें चलाई जानी हैं। इनमें 100 बसें पीएम ई-बस योजना के तहत आएंगी। वहीं, 100 बसें नगर विकास विभाग उपलब्ध कराएगा। इनके संचालन के लिए राजापुर स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में डिजिटल कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा है। इन सभी बसों में पैनिक बटन रहेंगी।