धमकी देने वालों के खिलाफ डॉ. विक्रम ने दी तहरीर
एसएससी, इविवि के कुलपति, रजिस्ट्रार को भी लिखा पत्र
सोशल मीडिया पर असिस्टेंट प्रोफेसर को मिल रहीं धमकियां
प्रयागराज। धार्मिक भावना भड़काने के आरोप में घिरे इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विक्रम को सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां मिल रहीं हैं। उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रयागराज के एसएसपी के पास तहरीर भेजी है। साथ ही इसकी कॉपी जिलाधिकारी, इविवि के कुलपति एवं रजिस्ट्रार को भी पत्र लिखा है। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली पुलिस में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। डॉ. विक्रम ने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, यूपी के मुख्यमंत्री, गृहसचिव को भी पत्र लिखा है। डॉ. विक्रम ने अपने पत्र में एक दर्जन से अधिक लोगों के नाम का जिक्र किया है, जिन्होंने उन्हें फेसबुक पर भीड़ हिंसा, गोली मारने, शरीर के टुकड़े-टुकड़े करने की धममियां दी हैं। इसके अलावा कुछ लोगों ने डॉ. विक्रम के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग भी किया है। हालांकि इस मामले में इविवि प्रशासन की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब डॉ. विक्रम दे चुके हैं लेकिन, इसके बाद उन्हें इविवि प्रशासन की ओर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। डॉ. विक्रम ने बताया कि वह दिल्ली के शाहीन बाग जामिया नगर, ओखला थाना में जीओ एफआईआर दर्ज कराने गए थे लेकिन, पुलिस ने कहा कि जीरो एफआईआर केवल रेप या मर्डस केस में दर्ज होती है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने उनसे आवेदन ले लिया है और भरोसा दिलाया है कि प्रयागराज के संबंधित अधिकारी तक उनकी बात पहुंचा दी जाएगी। डॉ. विक्रम का कहना है कि अगर उन्होंने गलती की भी है तो उन्हें कानून सजा देगा और इविवि विभागीय कार्रवाई करेगा। धमकी देने वालों में तमाम लोग इविवि के छात्र हैं। उन्होंने अपराध किया है। डॉ. विक्रम ने कुलपति से मांग की है कि जान से माने वाले की धमकी देने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही एसएसपी से मांग की है कि धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए।