प्रयागराज। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा बुधवार दोपहर यमुना किनारे स्थित श्री मनकामेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सावन के दौरान होने वाली शिव भक्तों की भारी भीड़ के मद्देनजर की जा रहीं तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने मंदिर के महंत ब्रह्मचारी श्रीधरानंद महाराज से मुलाकात करके सभी तैयारियों को बारीकी से समझा और किसी भी तरह की असुविधा न होने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने यमुना नदी का वंदन करके भगवान मनकामेश्वर की विधिवत पूजा भी की। वहीं नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय कटियार ने बताया कि सावन के दौरान श्री मनकामेश्वर मंदिर परिसर में 10 अस्थायी लाइट लगाई जाएंगी। साथ ही चार पानी के टैंकर और चार टॉयलेट की व्यवस्था भी की जाएगी।