हाईकोर्ट में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सूबे के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कानून व्यवस्था को लेकर भी दिशा निर्देश दिए। कहा कि अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टाॅलरेंस की नीति पर काम करें।
डीजीपी ने कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। कहा कि लूट, चेन स्नैचिंग और गैंग गतिविधियों को लेकर सख्ती से कार्रवाई की जाए। पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।
अपराधियों की धरपकड़ में तेजी लाई जाए और आम जनता के साथ संवाद स्थापित कर उनके बीच विश्वास बहाल किया जाए। उन्होंने थानों के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर भी बल दिया। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार, एडि. पुलिस कमिश्नर डॉ. अजयपाल शर्मा के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी, यातायात प्रबंधन, और वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
कहा कि कार्यक्रम में देश की न्यायपालिका से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, ऐसे में किसी भी प्रकार की चूक की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। अफसरों ने बताया कि हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा के अलावा, आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरों और अतिरिक्त फोर्स की भी तैनाती की जा रही है।