मेजा स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ पहाड़ी महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के संयोग पर श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की अर्जी लगाई। दशाश्वमेध घाट से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भी भोलेनाथ का अभिषेक किया, जिससे पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर सेवा संस्थान की ओर से आयोजित एक माह के मेले और महंत नारायण दास महाराज की शिवपुराण कथा में भक्तों ने खुब आनंद लिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेजा थाना प्रभारी नितेन्द्र शुक्ला और पुलिस बल मुस्तैद रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मेले में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध धन उगाही करने वालों से सतर्क रहने की अपील की है।