प्रयागराज। फूलपुर स्थित इफ्को में अमोनिया गैस रिसाव से दो अफसरों की मौत एवं दर्जन भर से ज्यादा लोगों के बीमार होने पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने चिंता जताई है। हादसे के बाद उन्होंने ट्वीट कर जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावितों के इलाज और आसपास के ग्राम वासियों की सुरक्षा की व्यवस्था कर विस्तृत जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इसी क्रम में सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी यूरिया फैक्ट्री में गैस रिसाव से दो अफसरों की मौत के मामले में अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि घटना में बीमार लोग जल्द स्वस्थ हों। इसी क्रम में सांसद फूलपुर केसरी देवी पटेल ने भी पीड़ितों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। केशरी देवी पटेल बुधवार को फूलपुर भी गईं। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात भी की। वहीं दूसरी ओर सांसद इलाहाबाद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने अमोनिया गैस रिसाव से पीड़ितों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।