महाकुंभ को लेकर शहर की विभिन्न सड़काें के चौड़ीकरण के कार्य का विरोध भी होने लगा है। सड़कों के चौड़ीकरण में रसूलाबाद घाट की तरफ जाने वाला मार्ग भी शामिल किया गया है। पीडीए की तरफ से सड़क को 12 मीटर चौड़ा किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसका स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं।
बुधवार को पूर्व पार्षद मुकुंद तिवारी और भाजपा महानगर अध्यक्ष अविनाश कुमार निषाद के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अरविंद चौहान से मुलाकात करके प्रस्तावित रोड की चौड़ाई 12 मीटर से घटाने जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। पूर्व पार्षद मुकुंद तिवारी ने कहा कि क्षेत्र की आर्थिक और भौगोलिक स्थित के हिसाब से रसूलाबाद की पुरानी सड़क की नौ मीटर चौड़ाई है।
इस पर अतिक्रमण हटाकर सड़क नाली का निर्माण कराने से ही वहां की समस्या खत्म हो जाएगी। अगर सड़क को 12 मीटर चौड़ा किया गया तो बड़ी संख्या में लोग घर विहीन हो जाएंगे। इस पर प्राधिकरण की तरफ से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।