बसवार गांव में आयोजित तिलक समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों पर लाठी-डंडे और राॅड से हमला कर दिया गया। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिल्ली गांव निवासी दिलीप कुमार पुत्र छोटेलाल गांव के ही लाला पटेल पुत्र रामसूचित के साथ शनिवार को बसवार के एक गेस्ट हाउस में आयोजित तिलक समारोह में गए थे। रात करीब नौ बजे दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। घूरपूर के बाबूपुर गांव के पास सात-आठ लोगों ने रोककर लाठी-डंडे और लोहे के राड से उनपर हमला कर दिया। इससे दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी चाका ले गई। दिलीप कुमार की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि, दूसरे घायल युवक को एसआरएन अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर पर उमाशंकर पटेल, अनुराग पटेल, आजाद पटेल, अनुज कुमार, रितेश कुमार और तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।