कुसेहटा गांव के पास जंगल में सोमवार सुबह एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। उसके शरीर पर नाखूनों के जख्म थे। आशंका है कि युवती को गैंगरेप रेप के बाद मारकर लाश जंगल में ठिकाने लगा दी गई थी। शौच को निकले लोगों ने युवती की लाश देखी तो हल्ला मचा। वहां भीड़ लगी तो फूलपुर पुलिस पहुंची। युवती के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी तो सीलकर पोस्टमार्ट्म हाऊस भेज दिया गया।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी छोर पर जौनपुर-प्रतापगढ़ सीमा स्थित चक शेष अहमद उर्फ कुसेहटा गांव के निकट वन विभाग के जंगल में सोमवार सुबह लोगों ने अज्ञात युवती का शव देखा। तकरीबन 23-24 साल की उस युवती के शरीर पर कपड़े अस्त-व्यस्त थे। शरीर पर कई जगह नाखूनों से नोंचने के भी निशान दिखे। हल्ला मचा तो वहां भीड़ लगती गई। फिर कोतवाली फूलपुर प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव भी पहुंच गए। शव के निरीक्षण से पुलिस को भी शक है कि युवती को सामूहिक दुराचार के बाद मारकर फेंका गया था। युवती ने लाल रंग की लैगी और भूरे रंग की कुर्ती पहने थी। शव के निकट प्लास्टिक की चप्पल पड़ी थी। प्रतापगढ़ और जौनपुर पुलिस को भी युवती के लावारिस शव के बारे में सूचना दी गई है।