घने कोहरे के चलते हंडिया-कोखराज फोरलेन हाईवे पर दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। मंगलवार भोर में भी इस हाईवे पर एक के बाद एक करीब दर्जन भर ट्रक भिड़ते चले गए। इस घटना में एक ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई जबकि कई चालक और खलासी घायल हुए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जबकि मृत चालक का शव चीरघर पहुंचाकर उसके परिजनों को खबर दी। ट्रकों की टक्कर से हाईवे पर कई घंटे तक जाम की स्थिति रही।
घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के पटना उपरहार गांव के सामने की है। मंगलवार भोर में घने कोहरे के दौरान एक के बाद एक कई ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए। जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो क्षतिग्रस्त ट्रकों को आपस में भिड़ा देख नवाबगंज थाने में खबर दी। पुलिस पहुंची और क्रेन बुलाया। सभी ट्रकों के केबिन में फंसे ड्राइवर और खलासी को निकाला गया। उनमें मऊ जनपद के चिरैयाकोट निवासी ड्राइवर जीतेंद्र चौहान (38) की मौत हो गई थी। उसका भाई संजय (32) गंभीर घायल था। वे दोनों कानपुर जा रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए। उनका ट्रक कोहरे में पहले से खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गया था। बाकी टकराए ट्रकों के घायल ड्राइवर झारखंड के महेंद्र बंडल (34 वर्ष), मध्य प्रदेश के नरेश पाल (30) को भी पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। वहीं हरियाणा जा रहा एक ट्रक टकराने के बाद गड्ढे में पलट गया। इससे जीतेंद्र पासवान, दुर्गावती, तैमूर, तथा समीर अंसारी आदि जख्मी हो गये। उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मृत ट्रक ड्राइवर जीतेंद्र के घरवालों को फोन से जानकारी दी तो वे शाम तक यहां आ गए। एक बेटे की मौत और दूसरे के घायल होने से परिजन गम में डूबे रहे। दो रोज पहले भी कोहरे की वजह से फोरलेन हाईवे पर कई ट्रकों की टक्कर में दो ड्राइवर की मौत हो गई थी जबकि कई लोग घायल हो गए थे।