हंडिया के बलीगंज कस्बे में नए साल के पहले दिन रविवार सुबह बाइक पर चार सवारी बैठना एक परिवार के लिए भारी पड़ा गया। बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आकर छात्रा की मौत हो गई। जबकि मां-बहन और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी अस्पताल में तीनों घायल की हालत नाजुक बनी है। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। अनहोनी की खबर से छात्रा के घर में कोहराम मचा है।
सदरेपुर निवासी सुरेश चौरसिया कोलकाता में पान की दुकाना चलाता है। उसकी दो बेटियां सोनी (13) और आरती(11) धनूपुर बिठौली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ती थी। आरती छठवीं में जबकि सोनी आठवीं की छात्रा थी। नए साल की सुबह मां सरिता गांव के प्रदीप कु मार के साथ बेटियों के स्कूल पहुंची। छुट्टी होने के चलते मां दोनों बेटियों को लेकर घर आ रही थी। बलीगंज कस्बे के पास पीछे से ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दिया। बाइक चालक प्रदीप कुमार, सोनी और आरती सड़क पर बायीं तरफ गिरे।
जबकि सोनी दाहिनी ओर सड़क पर गिरी और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई। उसकी मौके पर कुचलकर मौत हो गई। दहशत में चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। आसपास के लोग पहुंचे तो घायल खून से लथपथ सड़क पर पड़े तड़प रहे थे। सोनी की सांस थम चुकी थी। खबर पाकर हंडिया पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां प्रदीप, सरिता और आरती की हालत नाजुक बनी है। दुर्घटना की खबर पाकर छात्रा के घरवाले भी पहुंचे। नए साल पर घर में हंसी-खुशी का माहौल था। सुरेश भी बेटियों के स्कूल से घर आने का इंतजार कर रहा था लेकि न उससे पहले पहुंची अनहोनी की खबर ने परिवार की खुशियां छीन ली।