माघ मेला में प्राचीन गंगा थाने में तैनात दरोगा (हेड कांस्टेबिल प्रोन्नत) महेंद्र राम (58) की रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक तबियत बिगड़ गई। दरोगा की हालत नाजुक देख साथी लेकर एसआरएन अस्पताल आए। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दरोगा को मृत घोषित कर दिया।
चंदौली जिले में धानाराम इलाके मिर्जापुर गांव निवासी महेंद्र राम पुलिस महकमे में सिपाही थे। वह प्रमोशन पाकर एचसीपी हो गए थे। उनकी तैनाती भदोही जिले के गोपीगंज थाने में थी। इन दिनों वह माघ मेला के प्राचीन गंगा थाने में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान रविवार सुबह अचानक वह अचेत होकर गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें एसआरएन लाया गया। जहां इलाज के दौरान दोपहर में महेंद्र राम की मौत हो गई।
अनहोनी की खबर पाकर महेंद्र के घरवाले रोते कलपते एसआरएन पहुंचे। पति का शव देखकर पत्नी शांति देवी उर्फ चंपा रो-रोकर बेसुध हो गईं। चारों बेटों और इकलौती बेटी की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। दरोगा की मौत से उनके साथियों को गहरा सदमा लगा है। एसपी मेला, सीओ मेला समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी एसआरएन पहुंचे। उन्होंने दरोगा के परिजनों को सांत्वना दी।