मऊआइमा के गोवर्धनपुर गांव में शुक्रवार को मकान के बाहर सो रही मां-बेटी पर पड़ोसी गांव के युवक ने तेजाब फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसी दोनों को बहरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें एसआरएन रेफर कर दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गोवर्धनपुर में रहने वाली कलावती देवी के पति अमृतलाल पटेल का निधन हो चुका है। घर में उसके अलावा तीन बेटियां रीता, गीता और संगीता (20) हैं। रीता की शादी हो चुकी है और घर में गीता व संगीता मां के साथ रहती हैं। गीता इन दिनों बड़ी बहन के घर गई है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात कलावती व संगीता घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं। आरोप है कि रात करीब 12 बजे पड़ोस के परमानंदपुर गांव का सौरभ पटेल आकर संगीता और कलावती पर तेजाब फेंककर भाग निकला। तेजाब से संगीता का चेहरे और शरीर का ऊपरी हिस्सा झुलसा, जबकि कलावती की भी हालत गंभीर थी। चीखपुकार पर लोग जुटे और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर दोनों को बहरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें एसआरएन रेफर कर दिया गया। सूचना पर रीता व गीता भी एसआरएन पहुंचीं। उधर कलावती के देवर चंद्रपाल पटेल की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसे हिरासत में ले लिया गया है।