फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसटीएफ ने फूलपुर में पकड़ी 55 लाख की शराब

Mon, 16 Mar 2015 12:22 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। एसटीएफ ने फूलपुर रेलवे क्रासिंग के पास चंडीगढ़ से तस्करी कर लाई गई 55 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब को पकड़ लिया। 10 चक्का डीसीएम ट्रक में 975 पेटी में 180 एमएल की 46 हजार 800 शीशियां लदी थीं। किंग क्रेजी ब्रांड की शराब को लेबल बदल उत्तर प्रदेश का लेबल और आबकारी विभाग का होलोग्राम लगाकर बेचा जाना था। एसटीएफ ने ट्रक ड्राइवर गुरदीप सिंह और क्लीनर बलजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के हैं।
विज्ञापन


एसटीएफ के सीओ प्रवीण सिंह चौहान को अवैध शराब लाए जाने की खबर शनिवार रात आठ बजे ही लगी थी। उन्होंने एसटीएफ के एसआई अतुल सिंह, श्रीनिवास तथा केसी राय को धरपकड़ में लगाया। देर रात एसटीएफ ने ट्रक के रूट का पता लगा लिया और फूलपुर क्रासिंग के पास घेराबंदी की। कार्रवाई में फूलपुर पुलिस भी शामिल थी। जब एसटीएफ ने ट्रक को रोका तो आगे पीछे स्कार्पियो और बोलेरो भी चल रही थी।

घेराबंदी देख दोनों गाड़ियों में सवार लोग भाग निकले। एसटीएफ ने पीछा किया लेकिन कोई हाथ नहीं आया। ट्रक चालक और क्लीनर ने भी भागने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। दोनों ने बताया कि उनको सिर्फ इलाहाबाद पहुंचकर एक नंबर पर फोन करने को कहा गया था। शराब मंगवाने वाले के बारे में उनको जानकारी नहीं। सीओ ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर उस व्यक्ति का पता लगाया जा रहा है, जिसने शराब मंगवाई थी।
विज्ञापन


एसटीएफ के मुताबिक शराब को ठिकाने तक पहुंचाने पर ट्रक मालिक को चार गुना से अधिक भाड़ा मिलता है। चंडीगढ़ से इलाहाबाद तक एक ट्रक सामान लाने पर 20 से 25 हजार रुपये के बीच भाड़ा मिलता है लेकिन शराब लाने पर 90 हजार रुपये से अधिक दिए जाते हैं। सारा खेल मोबाइल पर ही चलता है। एसटीएफ का कहना है कि खुद को खलासी बताने वाला बलजेंद्र सिंह ही ट्रक का असल मालिक है।

चंडीगढ़ में 180 एमएल की अंग्रेजी शराब की शीशी 18 रुपये रुपये में मिलती है। इसे इलाहाबाद पहुंचने पर लेबल बदलकर 70 से लेकर 120 रुपये तक में बेचा जाता है। एसटीएफ को जानकारी मिली है कि शराब को इलाहाबाद में पिकअप में लादकर जौनपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और संत रविदास नगर भदोही तक सप्लाई किया जाता है। एक ट्रक शराब रोज इलाहाबाद लाई जाती है। इस बरामदगी से आबकारी विभाग की भूमिका पर फिर से उंगली उठने लगी है। तीन माह में गंगापार में पुलिस ने तीन बड़ी बरामदगी की लेकिन आबकारी विभाग को तस्करी की जानकारी नहीं थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें