मलोट पुलिस की ओर से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कोडा कार बरामद की गई।
- फोटो : अमर उजाला
कोखराज-हंडिया हाईवे पर सहसों इलाके में मंगलवार दोपहर ट्रकों की भिड़ंत और एक ट्रक पलटने से युवक समेत तीन लोग घायल हो गए। लंबा जाम लग गया। उसी दौरान उधर से गुजरे वाराणसी के विधायक अजय राय के काफिले की गाड़ियों में बैठे लोगों ने एक युवक को पीटा तो स्थानीय लोगों ने हमला बोल दिया। पथराव भी किया। पुलिस ने आकर स्थिति संभाली। हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा।
कोखराज-हंडिया हाइवे पर मंगलवार सुबह सहसों इलाके में बगई खुर्द गांव के सामने मंगलवार दिन में करीब साढ़े 11 बजे कोलकता से कटहल लादकर दिल्ली जा रहा तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर सर्विस रोड पर पलट गया। ट्रक में सवार फतेहपुर के अजवइंया कला गांव निवासी लाखन सिंह यादव (25) घायल हो गया। वह पुलिस भर्ती परीक्षा देकर वाराणसी से घर जाने के लिए ट्रक में सवार हुआ था। ट्रक चालक टारजन (40) और खलासी मोनू तिवारी (28) निवासी झारखंड को भी मामूली चोट पहुंची। वे दोनों वहां से भाग गए।
कुछ ही देर बाद गाजियाबाद से एलोपैथिक सीरप लादकर पटना जा रहे ट्रक के चालक ने भीड ़देखी तो वहां रुक गया। तभी दिल्ली से सरसों का तेल लादकर कोलकाता जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खडे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सरसाें का तेल लादकर खड़े ट्रक की केबिन के परखचे उड़ गए। चालक रिंकू यादव निवासी झारखंड केबिन में फंस गया। खलासी संजय (30) भी गंभीर घायल हो गया। केबिन में फंसे ड्राइवर की चीख सुनकर आए ग्रामीणों ने उसे निकालने का काफी प्रयास किया मगर नाकाम रहे। फिर पुलिस ने क्रेन मंगाया गया। घंटे भर की मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक रिंकू को बाहर निकाला जा सका। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भेजा गया।
इन दो हादसों की वजह से हाइवे पर जाम लग गया था। डेढ़ बजे वाराणसी के विधायक अजय राय दर्जन भर गाड़ियों के काफिले के साथ उधर पहुंचे। एक स्थानीय युवक ने जाम लगे होने की जानकारी देकर काफिले को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बस इसी बात पर विधायक के काफिले में शामिल वाहनों में बैठे कुछ असलहाधारी उतरे और युवक की पिटाई शुरू कर दी। इस पर भड़के ग्रामीणाें ने पथराव कर दिया। दो हादसों के बाद इस घटना से हंगामा मच गया। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने आकर स्थिति संभाली मगर जाम लगा रहा।