फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : छात्र की मौत के खिलाफ फूटा गुस्सा, हाईवे पर चक्काजाम का प्रयास

Sat, 24 Oct 2026 06:19 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

छतनाग वार्ड के नैका गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय साइकिल सवार छात्र अभिनव की मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
विज्ञापन
बच्चे की मौत के बाद सड़क पर चक्काजाम करते लोगों को समझाती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छतनाग वार्ड के नैका गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय साइकिल सवार छात्र अभिनव की मौत के बाद शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर परिजनों ने आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर छतनाग मोड़ पर हाईवे जाम करने का प्रयास किया।

सूचना पर पहुंचे एसीपी झूंसी अरुण पाराशर ने पुलिस बल के साथ लोगों को हाईवे से हटाया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में किशोर का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर सात नामजद और अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।

नैका गांव निवासी उमाकांत का बेटा अभिनव नैका प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। शुक्रवार शाम करीब छह बजे एक ट्रैक्टर गांव में राजाराम के यहां मिट्टी गिराकर लौट रहा था। इसी दौरान घर के पास साइकिल से जा रहा अभिनव ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अभिनव पांच बहनों में इकलौता भाई था। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी राजाराम से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था, जिसको लेकर प्राथमिकी भी दर्ज है। दो दिन पहले अजीत ने पुलिस को तहरीर देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद हादसा हो गया।

शुक्रवार रात किशोर के चाचा अजीत की तहरीर पर पुलिस ने राजाराम, शशि शेखर, शिवानंद, शिवम, सौरभ, सच्चिदानंद और अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर परिजन आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की मांग करने लगे। आक्रोशित लोगों ने छतनाग मोड़ पर हाईवे जाम करने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देते हुए शांत कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार कराया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें