सार
प्रयागराज के नैनी स्थित प्रयाग पुरम में बृहस्पतिवार दोपहर दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची स्कूल से घर पहुंची थी। आरोप है कि उसे गाड़ी से उतारने के बाद चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया, जिसकी चपेट में बच्ची आ गई। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने चालक को रोककर पुलिस को सूचना दी।
नैनी में बच्ची की मौत के बाद मोहल्ले में जुटी भीड़ और छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
नैनी क्षेत्र के प्रयाग पुरम में बृहस्पतिवार दोपहर दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की पहचान तस्वनी उदयांशी पाठक के रूप में हुई है। वह दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। बच्ची के पिता मनीष कुमार पाठक दिल्ली में नौकरी करते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर बच्ची को स्कूल से घर छोड़ने के लिए एक गाड़ी आई थी। बताया जा रहा है कि बच्ची को गाड़ी से उतारने के बाद चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान बच्ची गाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने चालक को रोक लिया और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस चालक को थाने ले गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल रहा। पुलिस की ओर से घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी और हादसे की परिस्थितियों की पुष्टि होने के बाद ही अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।