जीटी रोड पर चक हरिहरवन में मंगलवार सुबह बदमाशों ने दुकान खोल रहे पेंट कारोबारी का बैग उड़ा दिया जिसमें एक लाथ साठ हजार रुपये थे। सरिया की कीमत पूछने के बहाने बैग उठाकर दो बदमाश बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। टाऊन एरिया झूंसी निवासी पवन केसरवानी की जीटी रोड पर के चक हरिहरवन में पेंट तथा भवन सामग्री की दुकान है। मंगलवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे पवन दुकान पर पहुंचे। उन्होंने एक हाथ में बैग थाम रखा था जिसमें एक लाख साठ हजार रुपये थे। बैग को रखकर वह शटर उठा रहे थे तभी बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने पवन से सरिया की कीमत पूछी। पवन दाम बता रहे थे तभी बाइक से उतरकर आए एक युवक ने बैग उठा लिया। पवन के देखते ही देखते वह बाइक पर बैठकर साथी संग भाग गया। व्यापारी ने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और राहगीर जुटे। 100 नंबर पर फोनकर कंट्रोल रूम में खबर दी गई तो झूंसी थाने की पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने पवन से घटना की जानकारी ली मगर देर शाम तक रिपोर्ट नहीं लिखी थी। अपराधियों को दबोचने की बजाय घटना को छिपाने के लिए रिपोर्ट नहीं लिखने से स्थानीय कारोबारियों में भारी नाराजगी है।