सिविल लाइंस में सुभाष चौराहे के पास बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े बारा पॉवर प्लांट के सुरक्षा अधिकारी को लूट लिया। बदमाश पैदल जा रहे सुरक्षा अधिकारी को तमंचा दिखा कर दो लाख रुपये से भरा बैग छीनकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। केरल के रहने वाले रोहित राजपन बारा पॉवर प्लांट में सुरक्षा अधिकारी हैं। वह दोपहर में एक दोस्त के साथ सिविल लाइंस आए थे। खरीदारी कर वह पैदल ही बस अड्डे की ओर जा रहे थे। रोहित के मुताबिक सरदार पटेल मार्ग पर पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए और तमंचा दिखाकर बैग लूट लिया। बैग में दो लाख रुपये नगद और जरूरी कागजात थे। लूट की सूचना पर खलबली मच गई। रोहित ने सिविल लाइंस पुलिस को लूट की सूचना दी तो इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामसूरत सोनकर मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही थी। जिस एटीएम से रोहित ने रुपये निकाले थे। वहां से जानकारी करने और सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर के मुताबिक घटना के बाबत आसपास के लोगों ने पूछताछ के दौरान जानकारी न होने की बात कही।